अमेरिका के यूटा में फायरिंग, आठ महीने के मासूम समेत तीन की मौत

वाशिंगटन । अमेरिका के यूटा राज्य से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां वेस्ट वैली सिटी के एक मेले वेस्टफेस्ट के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो किशोर घायल हो गए। मृतकों में एक 41 वर्षीय महिला, 18 साल का युवक और 8 महीने का बच्चा शामिल हैं। घटना स्थानीय समयानुसार रविवार रात 9:20 बजे हुई।
वहीं मामले में पुलिस ने एक 16 साल के किशोर को हिरास में लिया है। वेस्ट वैली सिटी पुलिस के अनुसार, रात 9:20 बजे दो गुटों के बीच झगड़ा हो रहा था। पुलिस जब बीच-बचाव करने पहुंची, तभी एक 16 साल के लड़के ने पिस्तौल निकालकर गोलियां चला दीं। जवाब में एक पुलिसकर्मी ने भी गोली चलाई, लेकिन वह आरोपी को नहीं लगी। बाद में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घायल किशोरों की उम्र 17 और 15 साल है। दोनों को हाथ में गोली लगी है। हालांकि पुलिस को अभी तक यह साफ नहीं है कि ये किशोर गोली चलाने वाले गुट से जुड़े थे या नहीं। पुलिस अब गवाहों से पूछताछ कर रही है और लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने घटना देखी है, तो वह पुलिस से संपर्क करें। इसके साथ ही पुलिस ने बयान में कहा कि हमें लगता है कि अब भी कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने यह घटना देखी है। कृपया आगे आएं और जानकारी दें।