प्रियंका ने जीती 10 किमी पैदलचाल, सत्र की पहली जीत दर्ज की

नई दिल्ली। भारत की पैदलचाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने सत्र की पहली जीत दर्ज करते हुए इंसब्रुक में आॅस्ट्रियन रेसवॉकिंग चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। गोस्वामी ने 47 मिनट और 54 सेकेंड का समय निकाला। उनके नाम 20 किलोमीटर रेसवॉक में एक घंटे, 28.45 मिनट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।
10 किलोमीटर में उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 45 मिनट और 47 सेकेंड का है जो उन्होंने 2022 में बनाया था। गोस्वामी ने अपने सोशल मीडिया हैंडिल पर लिखा, एक मिनट की पेनाल्टी के बावजूद मैने स्वर्ण जीता जो आसान नहीं था। बुखार और पेनाल्टी के बाद यह मुश्किल था।
वह मई में मेलबर्न में एथलेटिक्स विक्टोरिया वॉकिंग चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रही थी। इंसब्रुक में पुरुषों की 35 किलोमीटर रेसवॉक में संदीप कुमार दूसरे और राम बाबू तीसरे स्थान पर रहे।