Uncategorized

जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग:मथुरा अखिल भारत हिंदू महासभा ने किया प्रदर्शन

मथुरा । भारत में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग करते हुए अखिल भारत हिंदू महासभा ने शुक्रवार को मथुरा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। हिंदूवादी नेता छाया गौतम के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने इस दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पर सौंपा।
जिलाधिकारी आॅफिस पहुंचे अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों का कहना था कि भारत में जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में यहां की जनसंख्या 140 करोड़ है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 2050 तक यह आंकड़ा बढ़कर 160 करोड़ के पार हो जाएगा। जिससे प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बनेगा।
जल,वायु,भूमि और ऊर्जा जैसे संसाधन सीमित हैं। प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता में कमी आई है। जैसे 1951 में 5177 घन मीटर थी जो घटकर अब 1486 घन मीटर रह गई है।
हिंदू महासभा के पदाधिकारियों का कहना था कि अगर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू नहीं होता है तो बेरोजगारी और गरीबी में वृद्धि होगी। हर साल 2 करोड़ नए लोग रोजगार की तलाश में आते हैं। बढ़ती जनसंख्या के कारण शिक्षा,स्वास्थ्य,आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं पर असर पड़ेगा। चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों की कमी है प्रति 1000 व्यक्तियों पर डॉक्टरों की संख्या के मानकों से कम है।
ज्ञापन देने पहुंचीं हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने बताया कि उनकी मांग है कि 2 से अधिक बच्चों पर सरकारी सुविधाओं का अधिकार समाप्त हो। जागरूकता अभियान चलाए जाएं,जिससे परिवार नियोजन,महिला शिक्षा,सामाजिक विकास के बारे में जानकारी दी जाए।
सभी धर्म,समाज के लिए एक सामान जनसंख्या नीति लागू हो। जिससे किसी प्रकार का भेदभाव न हो। कानून का दूसरी बार उल्लंघन करने पर दंपत्ति की नसबंदी कराकर 10 साल की जेल की जाए।

Related Articles

Back to top button