वृंदावन में बंदर हीरे से भरा बैग लेकर भागा


मथुरा। वृंदावन में बांके बिहारी दर्शन करने आए श्रद्धालु का बंदर बैग लेकर भाग गया। इसके बाद वो बंदर के पीछे भागने लगे। उन्होंने काफी कोशिश की। लेकिन, वो बंदर से बैग नहीं ले सके।
उन्होंने बताया कि बैग में 20 लाख की हीरे की ज्वेलरी है। इसके बाद उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद ली। पुलिस ने करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद बंदर को पकड़ लिया। इसके बाद श्रद्धालु ने पुलिस को थैंक्यू बोला। साथ ही कहा- बांके बिहारी की कृपा से मेरी मेहनत की कमाई से बनी ज्वेलरी मिल गई।
अलीगढ़ के रहने वाले अभिषेक अग्रवाल पूरे परिवार के साथ वृंदावन आए हुए थे। उन्होंने गुरुवार शाम बांके बिहारी मंदिर में फूल बंगला की सेवा की। शुक्रवार को बांके बिहारी जी के दर्शन करने के बाद वह वापस अलीगढ़ जा रहे थे।
इस दौरान उनके हाथ में हीरे और सोने-चांदी से बनी ज्वेलरी का बैग था। अभिषेक जैसे ही गौतम पाड़ा तिराहा पर पहुंचे, तभी एक बंदर उनके हाथ से बैग छीना ले गया। बैग हाथ से जाते ही अभिषेक के पसीने छूट गए, क्योंकि उसमें 20 लाख रुपए की ज्वेलरी थी।
बंदर के बैग ले जाते ही अभिषेक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चिल्लाने लगे- बंदर को पकड़ों, उस बैग में हीरे के आभूषण हैं। खुद भी बंद से बैग छुड़ाने के प्रयास शुरू कर दिए। उसे फ्रूटी और केले दिए। लेकिन, करीब 1 घंटे तक जब कोई सफलता नहीं मिली, तो अभिषेक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद वृंदावन कोतवाली प्रभारी प्रशांत कपिल, इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी शिवकुमार शर्मा समेत 8 पुलिसकर्मी बैग की तलाश में जुट गए। करीब 8 घंटे की मेहनत के बाद आखिर में पुलिस ने बैग को बरामद कर ही लिया।
बैग को बरामद कर पुलिस बांके बिहारी चौकी लाई। वहां अभिषेक अग्रवाल की मौजूदगी में बैग को खोला गया। इसमें हीरा का हार, 2 अंगूठी, 2 कान के टॉप्स के अलावा चांदी की 3 पायजेब और नकद रुपए थे। पूरा सामान मिलने पर अभिषेक अग्रवाल ने वृंदावन पुलिस को थैंक्स कहा। कहा- यह बांके बिहारी की कृपा और पुलिस की मेहनत है कि मुझे पूरा सामान वापस मिल गया।