किसानों का मार्च, पंजाब-चंडीगढ़ बॉर्डर सील

हथियारों से लैस 3 युवक हिरासत में; CM मान से बहस के बाद भड़के किसान
मोहाली/चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) आज, 5 मार्च से चंडीगढ़ के सेक्टर 34 में अनिश्चितकालीन धरना लगाएगा। किसानों ने ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर मोहाली से चंडीगढ़ में घुसने का ऐलान किया है। किसान MSP की गारंटी के कानून समेत 13 मांगों को लेकर यह प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि अभी तक उन्हें चंडीगढ़ प्रशासन से धरने की परमिशन नहीं मिली है।

इसे देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब से सटे सारे बॉर्डर सील कर दिए हैं। यहां तक कि किसान चंडीगढ़ में न घुसें, इसके लिए पुलिस बाइक–कार सवारों के भी ID प्रूफ चेक कर रही है। चंडीगढ़ मोहाली बॉर्डर पर पुलिस ने नाके पर कार सवार 3 युवकों को हिरासत में लिया है। तीनों के पास हथियार बरामद हुए हैं।पुलिस ने उनसे हथियार से जुड़े लाइसेंस मांगें तो वह नहीं दिखा पाए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बिल्डर के  सुरक्षाकर्मी हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

वहीं भारतीय किसान यूनियन (एकता-उगराहां) के प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां ने आंदोलनकारी किसानों से अपील की कि पुलिस जहां रोके, वहीं सड़क किनारे खाली जगह पर बैठ जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क जाम करने का आरोप लगा पंजाब पुलिस पर किसानों को बदनाम करने की साजिश रच रही है।