यूपी पुलिस असिस्टेंट ऑपरेटर पीईटी परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी

वेबसाइट से करें डाउनलोड
नई दिल्ली।  उत्तर प्रदेश पुलिस असिस्टेंट ऑपरेटर  की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने रेडियो संवर्ग में सहायक परिचालक और कर्मशाला कर्मचारी के पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने लिखित परीक्षा पास की थी, वे अब आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और पदोन्नति बोर्ड ने रेडियो संवर्ग में सहायक परिचालक और कर्मशाला कर्मचारी के पदों के लिए पीईटी परीक्षा 7 मार्च 2025 को निर्धारित की है। इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
यूपी पुलिस असिस्टेंट ऑपरेटर के इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया 20 जनवरी 2022 से शुरू हुई थी। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च 2022 थी। आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख भी 15 मार्च 2022 थी। परीक्षा 1 फरवरी से 8 फरवरी 2024 तक आयोजित की गई थी। इसके बाद, उत्तर कुंजी 24 फरवरी 2024 को जारी की गई थी और रिवाइज्ड आंसर की 28 जून को जारी की गई थी। परिणाम 7 अगस्त 2024 को घोषित किया गया था।
1494 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित
उत्तर प्रदेश पुलिस रेडियो संवर्ग के तहत सहायक ऑपरेटर और कर्मशाला कर्मचारी के कुल 1494 पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान चलाया गया था। इनमें से 120 पद वर्कशॉप स्टाफ के लिए और 1374 पद सहायक ऑपरेटर के लिए निर्धारित किए गए थे।

4,216 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया
लिखित परीक्षा के बाद 4,216 उम्मीदवारों को अभिलेखों की जांच (डीवी) और शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयन प्रक्रिया सरकारी आदेशों और अदालत के निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी, जिसमें अभिलेखों की जांच, पीएसटी और आरक्षण से संबंधित नियमों का पालन किया जाएगा।