संभल हिंसा के फरार आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क

24 उपद्रवियों के गैर जमानती वारंट जारी, एसपी बोले- कोर्ट की प्रकिया के बाद होगी कार्रवाई
संभल। संभल में फरार 14 आरोपियों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। हिंसा में शामिल 24 उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस कोर्ट से गैरजमानती वारंट लेकर आई थी। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। फरार आरोपियों के खिलाफ दबिश दी जा रही है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि फरार आरोपियों की संपत्ति की कुर्की की जाएगी। जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद का सर्वे चल रहा था। इसी दौरान भीड़ ने बवाल कर दिया था। पांच लोगों की जान गई थी और 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जामा मस्जिद के नजदीक का बवाल पुलिस ने किसी तरह शांत कराया तो नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा में बवाल किया गया था। उपद्रवियों ने आगजनी और पुलिस पर फायरिंग की थी। एसपी और डीएम पर जानलेवा हमला किया था। हिंसा में शामिल 24 आरोपियों के खिलाफ पुलिस गैरजमानती वारंट कोर्ट से लेकर आई थी। इसमें 10 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है लेकिन 14 आरोपी अभी भी फरार हैं।

SIT ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्चना सिंह की कोर्ट में 20 फरवरी को 4025 पेज की चार्जशीट दाखिल की। हिंसा में कुल 12 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इनमें से 6 मामले में चार्जशीट दाखिल की गई। बाकी मामलों में जांच जारी है। चार्जशीट में सांसद बर्क और सपा विधायक के बेटे का नाम नहीं है। एसपी कृष्ण बिश्नोई ने कहा- जल्द सांसद बर्क और सपा विधायक के बेटे की चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल होगी। सांसद बर्क की कुछ व्हाट्सएप डिटेल मांगी गई है। पुलिस ने 15 फरवरी को हिंसा के 74 उपद्रवियों के पोस्टर जारी किए थे। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को शाही जामा मस्जिद की दीवार पर पोस्टर चस्पा किया था। आरोपियों की पहचान बताने वाले को इनाम का भी ऐलान किया था।

पोस्टर पर लिखा था- 24 नवंबर, 2024 की हिंसा में ये लोग शामिल थे। जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। इनका नाम और पता बताने वाले को इनाम दिया जाएगा। इस बारे में जानकारी मिले तो वह संभल पुलिस को सूचित करें।