आश्वासन नहीं काम, वर्ना होगी भूख हड़ताल:आगरा में शास्त्रीपुरम के लोग धरने पर बैठे, घरों में भर गया था पानी

आगरा में 34 साल पुरानी शास्त्रीपुरम कॉलोनी के वाशिंदे दो दिन से धरना दे रहे हैं। मांग है कि नाले का निर्माण कराया जाए। जिससे घरों के अंदर भरने वाले पानी से निजात मिल सके। इस सीजन में दो बार घरों में दो से तीन फीट पानी भरा है। नगर निगम के अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।

शास्त्रीपुरम कॉलोनी को एडीए द्वारा 1990 में विकसित किया गया था। कई एकड़ में फैली इस कॉलोनी में 8 ब्लॉक हैं। इसके अलावा 32 कॉलोनियां हैं। 2016 तक यहां जलभराव की समस्या नहीं थी। लेकिन 2016 में पहली बार जलभराव हुआ। शास्त्रीपुरम, निखिल एनक्लेव, दहतोरा, द्वारिकापुरी, भावना अरोमा और इनसे लगी 32 कॉलोनियों में जलभराव की समस्या है। बारिश होते ही सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। फिर घरों में पानी घुस जाता है। इस समस्या का समाधान कच्चा नाला है। इसी मांग को लेकर शास्त्रीपुरम जनसेवा समिति आगरा पंजीकृत द्वारा अवंतीबाई चौराहा, शास्त्रीपुरम पर धरना दिया जा रहा है। 16 सितंबर को धरने के दूसरे दिन बाजार पूरी तरह बंद रहा।