देश की सबसे अमीर महिला बोलीं- BJP में नहीं जाउंगी:सांसद बेटा प्रचार करे या ना, यह उसका फैसला; हरियाणा में निर्दलीय लड़ रहीं
देश की सबसे अमीर महिला और हरियाणा में BJP सांसद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ने कहा कि वह निर्दलीय चुनाव में उतर चुकी हैं। अब चाहे भाजपा जितना मना लें वह नहीं मानेंगी। सावित्री जिंदल ने कहा कि जब किसी पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो निर्दलीय मैदान में उतरना पड़ा।
सावित्री जिंदल से जब नवीन जिंदल के विषय में पूछा गया कि वह प्रचार करने आएंगे तो उन्होंने कहा कि नवीन BJP में हैं और जो पार्टी नवीन को आदेश देगी वह काम वो करेगा। अगर पार्टी हिसार में ड्यूटी लगाएगी तो वह हिसार भी पार्टी का काम करेगा।
सावित्री जिंदल ने कहा कि नवीन जिंदल से उनकी रोजाना बातचीत होती है, मगर राजनीति के विषय पर कम बात होती है।
सावित्री जिंदल ने कहा कि हिसार के लोग परेशान हैं, यहां मूल भूत सुविधाएं तक लोगों को नहीं मिल रही। सीवरेज जाम पड़े हैं, पानी निकासी की समस्या है और यहां तक की सड़कें भी टूटी पड़ी हैं।
सावित्री जिंदल हिसार में प्रचार के लिए निकली हैं। वह सभी RWA के कार्यक्रमों में शिरकत कर रही हैं। इसी कड़ी में वह हिसार के सेक्टर 13 में पहुंची थी। जहां उनको लड्डुओं से तोला गया।
सावित्री जिंदल ने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा। लोगों का प्रेम और विश्वास ही उनको निर्दलीय लड़ने की ताकत दे रहा है। हिसार उनका परिवार है और उनके परिवार में कोई दुखी हो वह यह नहीं देख सकती। सावित्री जिंदल के साथ पूर्व मेयर शकुंतला राजलीवाला भी मौजूद रही।