लखनऊ में वेतन नहीं मिला तो मैनेजर किडनैप:तीन कर्मचारी समेत समेत छह लोग गिरफ्तार; एक महिला भी रही शामिल
लखनऊ में एक दिन की देरी से वेतन मिलने से नाराज एक रेस्टोरेंट के तीन कर्मचारियों ने साथियों के साथ मिलकर मैनेजर का अपहरण कर लिया। उसको बंधक बनाकर पीटा और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक महिला भी शामिल है।
इंदिरा नगर के सेक्टर-18 निवासी संतोष कुमार के तकरोही अंबेडकर चौराहे के पास स्थित दी होस्ट रेस्टोरेंट के मालिक हैं। सीतापुर निवासी विनय दीक्षित मैनेजर हैं। विनय दीक्षित का बुधवार दोपहर रेस्टोरेंट के कर्मचारी रामू गुप्ता, सुनील व लक्ष्मी नारायण से वेतन एक दिन देरी से मिलने पर विवाद हो गया।
इस दौरान लक्ष्मी नारायण की पत्नी बबली और दो साथी भी रेस्टोरेंट में मौजूद थे। जबकि विनय लगातार कह रहा था, कि बैंक के सर्वर में दिक्कत के चलते वेतन खाते में नहीं गया। इसके बाद सभी आरोपी विनय को तमंचा दिखाकर बाइक पर साथ बैठाकर चिनहट के हरदासीखेड़ा ले गए।
जहां, एक में झोपड़ी में बंधक बनाकर मारपीट की। रेस्टोरेंट मालिक संतोष कुमार ने गुरुवार को इसकी सूचना इंदिरा नगर पुलिस को दी।
शुक्रवार सुबह आरोपी बबली खुद विनय को लेकर तकरोही पुलिस चौकी पहुंची। जहां विनय ने बताया कि वह मामा के बेटे के साथ था। पुलिस ने उसको बुलाने को कहा तो मना कर दिया। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर अपहरण की बात सामने आई।
वहीं, विनय ने बताया कि इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके चलते चुप था। जिसके बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।