ताजमहल में मुख्य कब्रों पर टपका पानी:आगरा किले में भी आई सीलन, एएसआई ने किया निरीक्षण

आगरा में ताजमहल में मुख्य मकबरे में पानी टपका है। सीलन भी आ गई थी। शुक्रवार को बारिश बंद होने के बाद एएसआई के अ​धीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने टीम के साथ ताजमहल के मुख्य मकबरे की छत और गुंबद की जांच कराई। आगरा किले में भी सीलन आई है।

आगरा में 40 घंटे से ज्यादा समय तक बरसात हुई। इस वजह से शहर के कई हिस्सों में मकान गिरे। सड़कें, कॉलोनियां और घरों में पानी भर गया। इस बरसात ने ताजमहल और आगरा किला को भी नुकसान पहुंचाया है। एएसआई ने दोनों की स्मारकों का निरीक्षण किया।

ताजमहल के मुख्य मकबरे में दो गुंबद हैं। ऊपर वाले गुंबद पर कलश लगा हुआ है। कलश तांबे का है इस पर सोने की परत है। एएसआई की टीम ने आशंका जताई है कि कलश की धातु में ही कहीं जंग लगी है।

इसके कारण पत्थर में क्रेक आने से पानी टपका है। अब इस क्रेक की मरम्मत की जाएगी। जिससे ​भविष्य में पानी ना टपके। मुख्य मकबरे के अंदर नमी देखी गई थी। गुंबद के पत्थरों में एक महीन दरार हो सकती है।