आगरा में सिपाही पर गोली चलाने वाले 3 अरेस्ट:पुलिस के साथ सुबह हुई मुठभेड़, दो अभियुक्तों पर 25-25 हजार का था इनाम
आगरा के खेरागढ़ में खनन माफिया के गुर्गों ने सिपाही अजय पर गोली चलाई थी। इस घटना में शामिल 3 अभियुक्तों को पुलिस ने शनिवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। तीनों के पैर में गोली लगी है। इनमें से दो अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी है।
पिछले शनिवार को खेरागढ़ में खनन रोकने गई पुलिस पर खनन माफिया के गुर्गों ने फायरिंग की थी। तमंचे से की गई फायरिंग में सिपाही अजय के कान के पास गोली लगी थी। बुलेट कान के पास अंदर घुस गई थी। सर्जरी में बुलेट निकाली गई। पुलिस वाले जब घायल सिपाही को इलाज के लिए ले जा रहा थे। तब उनकी जीप को घेरकर टक्कर मारी गई थी।
गुर्गों से बचने के लिए पुलिस भाग कर थाने आ गई थी। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को अरेस्ट किया था। सभी को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 3 धौलपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में खेरागढ़ के सत्यप्रकाश का नाम सामने आया था। बताया गया था कि सत्यप्रकाश ने ही सिपाही पर गोली चलाई थी।