लगातार बारिश से गिरा मकान, दो मासूमों की मौत:पति-पत्नी कच्चे मकान के मलबे में दबने से गंभीर घायल

मैनपुरी में लगातार दो दिन से हो रही बारिश से एक कच्चा मकान तेज धमाके की आवाज के साथ भरभरा कर गिर पड़ा, जिसके मलबे में पूरा परिवार दब गया। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामला भोगांव थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी का है। गांव निवासी मनोज कुमार का एक कच्चा मकान है। बीती रात करीब 12 बजे कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसके नीचे उनका पूरा परिवार दब गया। मकान के गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल पति-पत्नी को मलबे से बाहर निकाला। वही उनके साथ लेटा 4 वर्षीय बेटा अंश और एक माह की बेटी वर्षा की मलबे में दबकर मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मृतकों के शवों को बाहर निकाल कर घायल दंपति को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। परिवार में आकस्मिक हुई दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार में चीख पुकार मची हुई है।