आगरा

आगरा में घर में छाप रहे थे नकली नोट:100 रुपए में 3 नोट देते थे, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ा

आगरा में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह घर पर साथी के साथ मिलकर प्रिंटर से नकली नोट छापता था। उसके पास से 100-100 के नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि डौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक नकली नोटों की सप्लाई करने आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पकडे़ गए आरोपी ने अपना नाम रामनिवास व साथी का नाम आछेलाल बताया। दोनों डौकी के रहने वाले हैं।

रामनिवास के पास से 100-100 के 99 नकली नोट बरामद हुए। उसने बताया कि दोनों मिलकर नकली नोटों की सप्लाई करते हैं। वो 100 रुपए के बदले तीन नकली नोट देते हैं। उसने बताया कि नकली नोट छापने के लिए कलर प्रिंटर ले रखा है।

पुलिस ने आरोपी के घर प्रिंटर तलाशा, लेकिन प्रिंटर नहीं मिला। आरोपी का दूसरा साथी प्रिंटर ले जा चुका था। घर से स्याही की पांच बोतल भी मिलीं। पुलिस को जो नकली नोट मिले हैं, उन पर एक ही नंबर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button