चुनौतियों के बाद भी 115 देशों को बढ़ा भारत से निर्यात
शीर्ष-10 देशों में 13 फीसदी ज्यादा वृद्धि
नई दिल्ली। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद 2023-24 में कुल 238 देशों में से 115 में भारत से निर्यात बढ़ा है। अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, चीन, ब्रिटेन, सऊदी अरब, सिंगापुर, बांग्लादेश, जर्मनी और इटली समेत 115 देशों को कुल निर्यात में भारत की हिस्सेदारी 46.5 फीसदी है। वाणिज्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने 2023-24 में कुल 778.2 अरब डॉलर का निर्यात किया। यह आंकड़ा 2022-23 के 776.4 अरब डॉलर से 0.23 फीसदी ज्यादा है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद 2022-23 में कुल निर्यात उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
17 उत्पादों में मजबूत वृद्धि
कमोडिटी के मोर्चे पर बीते वित्त वर्ष के दौरान 17 उत्पादों के निर्यात में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। देश के कुल निर्यात में इनकी 48.4 फीसदी हिस्सेदारी है। जिन 17 उत्पादों का निर्यात बढ़ा है, उनमें इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, फार्मास्यूटिकल्स, कॉटन और हैंडलूम शामिल हैं।
शीर्ष-10 देशों में 13 फीसदी ज्यादा वृद्धि
शीर्ष-10 देशों में भारत से निर्यात 13 फीसदी बढ़ा है। यूएई प्राथमिक निर्यात गंतव्य के रूप में उभरा है। इसके अलावा, रूस (35.41%), रोमानिया (138.84%) और अल्बानिया (234.97%) जैसे देशों को निर्यात में उच्च वृद्धि दर्ज की गई है।
वैश्विक वस्तु निर्यात में बढ़ी देश की हिस्सेदारी
2023-24 में देश से सेवा निर्यात 4.8 फीसदी बढ़कर 341.1 अरब डॉलर पहुंच गया। वैश्विक वस्तु निर्यात में भारत की हिस्सेदारी 2014 के 1.70 फीसदी से बढ़कर 2023 में 1.82 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। वैश्विक माल निर्यातकों में भारत 19वें से 17वें स्थान पर आ गया है।