संपत्ति के बंटवारे पर विवाद के बीच सैम का विरासत टैक्स राग
भाजपा का तंज, परिवार के सलाहकार की मंशा साफ हो गई
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच संपत्ति के बंटवारे पर मचे घमासान के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिस पर अब विवाद खड़ा हो गया ह। उनके इस बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बीते दिनों एक बयान में कहा था कि अगर चुनाव बाद उनकी सरकार सत्ता में आई तो एक सर्वे कराया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है। उनके इस बयान के बारे में जब सैम पित्रोदा से पूछा गया तो उन्होंने अमेरिका में लगने वाले विरासत टैक्स का जिक्र किया। पित्रोदा ने कहा कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अमेरिकी सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है। संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। अमेरिका में अगर किसी शख्स के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है, तो उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को ट्रांसफर हो जाती है, जबकि 55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है। उन्होंने कहा कि इसके तहत प्रावधान है कि आपने अपने जीवन में खूब संपत्ति बनाई है और आपके जाने के बाद आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। पूरी संपत्ति नहीं बल्कि आधी, जो मुझे सही लगता है, लेकिन भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस ने देश को बर्बाद करने का फैसला कर लिया है। सैम पित्रोदा 50 फीसदी विरासत टैक्स की वकालत कर रहे हैं। इसका मतलब है कि अगर कांग्रेस राज आता है तो लोगों ने कड़ी मेहनत से जितनी भी संपत्ति अर्जित की है, उसका पचास फीसदी छीन लिया जाएगा। इसके अलावा जो भी टैक्स हम देते हैं, वो भी बढ़ेगा। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी सैम पित्रोदा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि परिवार के सलाहकार सच बोल रहे हैं। इनकी मंशा कड़ी मेहनत से कमाए आपके पैसे को संगठित तौर पर लूटने की है।
——–