ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली रौंदी, 4 महिलाओं की मौत
कार्यक्रम में शामिल होने गए थे
सड़क हादसा भोगांव थाना क्षेत्र से गुजरने वाले है हाइवे पर स्थित द्वारका गांव के पास का है। जानकारी के अनुसार कन्नौज छिबरामऊ के गांव कुंवरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी थाना बिछवां के गांव बेलधारा में ब्याही है।
उनकी पुत्री ने 10 दिन पहले पुत्र को जन्म दिया था। शुक्रवार को उसका नामकरण संस्कार का कार्यक्रम था। वीरेंद्र सिंह अपने परिजनों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से गांव बेलधारा में हुए कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
आज शनिवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे सभी लोग ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर वापस घर लौट रहे थे। तभी भोगांव क्षेत्र स्थित द्वारकापुर के पास ट्रैक्टर की लाइट खराब हो गई। चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लाइट की मरम्मत करने लगा। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्राली पलट गई। ट्रॉली में बैठी फूलमती पत्नी अवधेश, रमाकांति पत्नी दफेदार, संजय देवी पत्नी राजेश, द्रोपदी देवी पत्नी विशुन दयाल की मृत्यु हो गई। वहीं ट्राली में सवार लगभग 24 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।