ईद पर हुई नमाज, मांगी अमन चैन की दुआ

ताजमहल और जामा मस्जिद में पहुंचे सैकड़ों नमाजी, आगरा पुलिस रही मुस्तैद
आगरा (दीक्षित टाइम्स)। आगरा में ईद-उल-फितर पर शहर की सभी मस्जिदों में नमाज अता की गई। सैकड़ों नमाजियों ने अल्लाह से देश में अमन चैन की दुआ मांगी। एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। पुलिस हर मस्जिद के बाहर तैनात रही। सबसे पहले आगरा में ईदगाह मस्जिद पर नमाज अता की गई। शहर में शाही ईदगाह, शाही जामा मस्जिद, पंचकुइयां कब्रिस्तान, अकबरी मस्जिद, मरकज टाल हबीबुल्लाह, मस्जिद मोतमद खां, मस्जिद ताजमहल, शाही मस्जिद (कलां) साबुन कटरा, शाही मस्जिद (लोहा मंडी), मस्जिद नूरानी (नूरी दरवाजा), मस्जिद जाल फुलट्टी, मस्जिद दरगाह सैयदना अबुल उला, मस्जिद रफी उल जमा (राजामंडी), मस्जिद शम्सी कॉलोनी, सिकंदरा, मस्जिद अबू बक्र, लोहामंडी, मस्जिद इब्राहीमी, सैफी नगर, शिया ईदगाह भोगीपुरा शाहगंज, जामा मस्जिद मीर नियाज अली शाहगंज, मस्जिद मीर अकबर अली शाहगंज, मस्जिद आगा साहिब गुदड़ी मंसूर खां में नमाजियों ने विशेष नमाज अता की।
ताजमहल पर थी फ्री एंट्री
ईद के अवसर पर एएसआई ने ताजमहल पर सुबह 7 से 9 बजे तक नमाजियों और पर्यटकों के लिए फ्री एंट्री रखी थी। सैंकड़ों लोगों ने ताजमहल की शाही मस्जिद में पहुंचकर नमाज अता की। हालांकि इस दौरान मुख्य मकबरे तक जाने वाले पर्यटकों के लिए टिकट में राहत नहीं दी गई थी। ताजमहल पर पुलिस सुरक्षा बल तैनात रहा।
साल में दो बार होती है नमाज
आगरा में बनी ईदगाह मस्जिद में साल में सिर्फ दो बार ही नमाज होती है। इसका निर्माण शाहजहां ने 1674 में सिर्फ 40 दिन में कराया था। इस मस्जिद का बाहरी गेट 159 फिट तथा 40 फिट चौड़ा है.यह लाल बलुए पत्थरों से निर्मित है। 300 से ज्यादा साल पुरानी इस मस्जिद में एक बार हजारों लोग नमाज अता कर सकते हैं। इस मस्जिद पर सुबह 7 बजे नमाज अता की गई। इसके बाद नमाजियों ने मस्जिद के बाहर मेले में खरीदारी की।
पुलिस ने दी ईद की शुभकामनाएं
जामा मस्जिद में नमाज अता करने के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान पहुंचे डीसीपी सिटी सूरज राय ने पुलिस विभाग की तरफ से भी ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था चौकस है। लोग नमाज अता करने के बाद अपने घरों की तरफ जा रहे हैं। हर मस्जिद के बाहर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।