आज शेयर बाजार में तेजी:सेंसेक्स 81 अंक चढ़कर 59,991 पर खुला, अडाणी ग्रुप के 10 में से 9 शेयरों में बढ़त

आज यानी मंगलवार (18 अप्रैल) को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 81 अंक की तेजी के साथ 59,991 के स्तर पर खुला। निफ्टी भी 60 अंक चढ़कर 17,766 के स्तर पर ओपन हुआ है। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी और 7 में गिरावट देखने को मिली।

अडाणी ग्रुप के 10 में से 9 शेयरों में तेजी
आज अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में तेजी और सिर्फ 1 में गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह साढ़े 9 बजे ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 0.60% ऊपर कारोबार कर रहा था। अडाणी टोटल गैस के शेयर में 1.55% की तेजी थी। वहीं ACC के शेयर में 0.21% गिरावट थी।

एवालॉन टेक्‍नोलॉजीज की लिस्टिंग आज
एवालॉन टेक्‍नोलॉजीज (Avalon Technologies) के शेयरों की लिस्टिंग 18 अप्रैल को होने वाली है। यह IPO 2.21 गुना सब्सक्राइब हुआ है। एवलॉन टेक्नोलॉजीज IPO का लिस्टिंग मूल्य लगभग 446 रुपए प्रति इक्विटी शेयर होगा।

कल विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली
सोमवार को लगातार 10 दिनों की खरीदारी के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कैश मार्केट में 533 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। अप्रैल महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने कुल 4,427 करोड़ रुपए की खरीदारी की है। जबकि, कल घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने कल कैश मार्केट में 270 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इस महीने अब तक कुल 2,414 करोड़ रुपए की बिकवाली की है।

कल शेयर बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी सोमवार (17 अप्रैल) को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 520 अंक की गिरावट के साथ 59,910 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 121 अंक की गिरावट के साथ 17,706 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 शेयरों में तेजी और 12 में गिरावट देखने को मिली थी।