BJP का 44वां स्थापना दिवस:पीएम मोदी ने कहा- जिन लोगों ने पार्टी को संवारा, सशक्त किया उन्हें शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं
भाजपा का आज 44वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘आज तक जिन महान लोगों ने पार्टी को संवारा है, समृद्ध और सशक्त किया है, उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं।’
उन्होंने कहा, ‘आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमानजी की जयंती मना रहे हैं। बजरंगबली के नाम का घोष चारों तरफ गूंज रहा है। हनुमानजी का जीवन, प्रसंग आज भी हमें भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं। हमारी सफलताओं में महान शक्ति के आशीर्वाद प्रतिबिंबित होते हैं।’
मोदी के स्पीच की बड़ी बातें, भाजपा हनुमानजी से प्रेरणा लेती है
- पीएम ने कहा, ‘हनुमानजी के पास असीम शक्ति है, उस शक्ति का इस्तेमाल वे तब कर पाते हैं,जब स्वयं पर से उनका संदेह खत्म होता है। 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी। भारत अब बजरंगबली की तरह अपने भीतर सुप्त शक्तियों का आभास कर चुका है। हनुमानजी के ऐसे ही गुणों से भाजपा कार्यकर्ता और पार्टी प्रेरणा पाते हैं।
- हनुमानजी सबकुछ कर सकते हैं, सबके लिए करते हैं,लेकिन अपने लिए कुछ नहीं करते।यही भाजपा की प्रेरणा है। एक और प्रेरणा है। जब हनुमानजी को राक्षसों का सामना करना पड़ा तो वो कठोर हो गए। जब भ्रष्टाचार, परिवारवाद, कानून-व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है मां भारती को मुक्त कराने के लिए।
- हनुमानजी का पूरा जीवन देखें तो उनके भीतर का कैन डू एटीट्यूड और संकल्पशक्ति हर प्रकार की सफलता में बहुत बड़ी भूमिका अदा करती है। कौन सो काज कठिन जग माही, जो नहिं होइ तात तुम पाई। ऐसा कोई भी काम नहीं है, जो हनुमान नहीं कर सकते। लक्ष्मण पर संकट आया तो हनुमान संजीवनी पर्वत ले आए। भाजपा भी लोगों की समस्या हल करने के लिए ऐसा प्रयास करती रही है, करती रहेगी। राम काज किन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम।
अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में पार्टी का ध्वजारोहण फहराया
भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है। 43 साल पहले 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ था। 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में पार्टी का ध्वजारोहण किया। लखनऊ में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यालय में झंडा फहराया।
पार्टी इस बार अपने स्थापना दिवस को खास बनाने वाली है। भाजपा नेता आज से देश के सभी बूथों पर पार्टी के नारे लिखेंगे। इसकी शुरुआत जेपी नड्डा दिल्ली में एक बूथ से करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9.45 बजे कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। 10 लाख जगहों पर भाषण की स्क्रीनिंग होगी। पार्टी ने अपने सभी सांसदों को गुरुवार को संसद में रहने के लिए कहा है।
स्थापना दिवस से अंबेडकर जयंती तक विशेष सप्ताह
भाजपा आज से डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक विशेष सप्ताह मनाएगी। पार्टी ने कार्यकताओं को कहा है- 11 अप्रैल को समाज सुधारक ज्योति बा फुले की जयंती और 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती सभी बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश कार्यालयों पर मनाएं। उनकी फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। मोदी सरकार द्वारा अनुसूचित समाज के कल्याण के लिए किए गए कामों की चर्चा करें।