किंग चार्ल्स की ताजपोशी का इन्विटेशन कार्ड रिलीज:कैमिला अब क्वीन कहलाएंगी, किंग की तस्वीर वाले रॉयल स्टाम्प भी जारी
ब्रिटेन के नए किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला की ताजपोशी के लिए इनविटेशन कार्ड की पहली तस्वीर सामने आ गई है। इस आमंत्रण पत्र पर कैमिला के लिए क्वीन कंसोर्ट की जगह क्वीन टाइटल का इस्तेमाल किया गया है। बकिंघम पैलेस की तरफ से मंगलवार को ये कार्ड जारी किया गया। इसमें ताजपोशी सेरेमनी के लिए नए किंग और क्वीन के तरफ से निमंत्रण भेजा गया है।
इसके अलावा किंग चार्ल्स की तस्वीर वाले रॉयल स्टाम्प भी जारी कर दिए गए हैं। जिसके बाद इन स्टाम्प्स की कीमत बढ़ गई। रॉयल मेल ने अपनी वेबसाइट पर बिक्री के लिए नए स्टाम्प जारी किए। हालांकि, जिन स्टाम्प्स पर क्वीन एलिजाबेथ की तस्वीर है उन्हें पहले बेचने के आदेश दिए गए हैं। नए स्टाम्प पर किंग चार्ल्स बिना क्राउन के नजर आ रहे हैं। उनकी ये तस्वीर उनके अप्रूवल के बाद ही चुनी गई।
6 मई को वेस्टमिंस्टर ऐबे में होगी ताजपोशी
6 मई को वेस्टमिंस्टर ऐबे में होने वाली ताजपोशी सेरेमनी के लिए करीब 2 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। इन्विटेशन कार्ड को री-साइकिल्ड पेपर पर बनाया गया है। इसके बॉर्डर पर ब्रिटेन की लोककथाओं में मशहूर ग्रीन मैन को दिखाया गया है। इसके अलावा कार्ड पर ब्रिटेन के राजकीय प्रतीक वाले फूल, वाइल्ड स्ट्रॉबेरी, मधुमक्खी, तितली, लेडीबर्ड जैसी कई पिक्चर भी बनी हुई हैं।
कार्ड पर मौजूद फूलों को 3 के ग्रुप में दिखाया गया है जो ये दर्शाते हैं कि चार्ल्स अपने नाम के तीसरे शासक हैं। बकिंघम पैलेस के मुताबिक कार्ड का बॉर्डर स्प्रिंग और री-बर्थ का प्रतीक है जो नए शासन को दर्शाता है। इस पत्र के साथ ही किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला की एक नई ऑफिशियल फोटो भी जारी की गई।
प्रिंस जॉर्ज होंगे किंग चार्ल्स के पेज ऑफ ऑनर
बकिंघम पैलेस ने कहा कि ताजपोशी सेरेमनी के बाद रॉयल वेबसाइट पर भी कैमिला के लिए क्वीन टाइटल का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा राजगद्दी के अगले वारिस प्रिंस विलियम के बेटे प्रिंस जॉर्ज को किंग चार्ल्स के सबसे छोटे पेज ऑफ ऑनर के तौर पर चुना गया है। जॉर्ज अभी 9 साल के हैं। पेज ऑफ ऑनर एक शाही पद है, जिसमें प्रिंस को किंग के पीछे उनकी रोब पकड़कर चलना होगा। इसके तहत उन्हें किंग के साथ कुछ शाही ईवेंट्स में शामिल होना होगा। क्वीन कैमिला के लिए उनके 3 पोतों को पेज ऑफ ऑनर के तौर पर चुना गया है।
सेरेमनी में बाइडेन की जगह शामिल होंगी फर्स्ट लेडी
ताजपोशी सेरेमनी में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शामिल नहीं होंगे। उन्होंने मंगलवार को किंग चार्ल्स को फोन करके इसकी जानकारी दी। उनकी जगह फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगी। फोन कॉल के दौरान बाइडेन ने आगे चलकर किंग चार्ल्स से मिलने की इच्छा भी जाहिर की।
एलिजाबेथ ने कैमिला को दिया था क्वीन कंसोर्ट का टाइटल
महारानी एलिजाबेथ ने घोषणा की थी कि कैमिला को क्वीन कंसोर्ट के नाम से जाना जाएगा। 75 साल की हो चुकी कैमिला डचेस ऑफ कॉर्नवाल हैं। वो किंग चार्ल्स की दूसरी पत्नी हैं। प्रिंसेज डायना की मौत के बाद चार्ल्स ने कैमिला से शादी कर ली थी। ताजपोशी के बाद कैमिला के पास किसी तरह की कोई संवैधानिक शक्ति नहीं होगी। हालांकि उनका पद ब्रिटेन की महारानी का ही रहेगा।
ब्रिटेन की नई रानी यानी किंग चार्ल्स-III की पत्नी कैमिला ताजपोशी के दौरान क्वीन एलिजाबेथ का कोहिनूर जड़ा ताज नहीं पहनेंगी। लंदन में बकिंघम पैलेस ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। BBC के मुताबिक, भारत के साथ रिश्ते न बिगड़ें, इस बात को ध्यान में रखते हुए रॉयल फैमिली ने यह फैसला लिया है।
ब्रिटेन के शाही परिवार को छोड़ कर अमेरिका में बस चुके प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल को कड़े मतभेदों के बाद भी किंग चार्ल्स अपनी ताजपोशी में बुलाएंगे। इसकी जानकारी खुद प्रिंस हैरी ने दी है। उन्होंने एक बयान जारी किया है। इसमें बताया है कि उन्हें किंग चार्ल्स की ताजपोशी में बुलावे के लिए मेल आया है।