खजूर खाली पेट खाएं या खाना खाने के बाद:दिनभर में कितना खाना सही? बच्चों को ज्यादा न दें, तबीयत हो सकती है खराब

खजूर को न्यूट्रिएंट्स का पावर हाउस कहा जाता है। ये नेचुरल शुगर से भरपूर तो होते ही हैं इनमें विटामिंस, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम, फॉस्फोरस की मात्रा भी खूब होती है। इसमें मौजूद न्यूट्रिएंट्स से ही शरीर को इंस्टैंट एनर्जी मिलती है। सर्दी, गर्मी, बरसात किसी भी सीजन में खजूर को खाया जा सकता है।

खाली पेट खजूर खाना ज्यादा फायदेमंद

आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा भावसार बताती हैं कि खजूर को सही समय पर लिया जाए तो शरीर को अधिक लाभ होता है। आयुर्वेद के अनुसार, खजूर सुबह खाली पेट लेना चाहिए। चूंकि खजूर की तासीर ठंडी होती है इसलिए शरीर में वात और पित्त का बैलेंस बना रहता है।

वैसे एक-दो खजूर को दोपहर में स्नैक्स की तरह ले सकते हैं या जब मीठा खाने का मन करे तब खा सकते हैं। खजूर को भोजन करने के तुरंत बाद नहीं लेना चाहिए। यदि वजन बढ़ाना चाहते हैं तो रात में सोने से पहले घी के साथ खजूर खा सकते हैं।

हर दिन दो खजूर खाना पर्याप्त

शरीर को जरूरी न्यूट्रिएंट्स देने के लिए हर दिन दो खजूर खाना काफी है। अगर पाचन क्रिया ठीक है तो चार खजूर भी खाए जा सकते हैं। जबकि बच्चों को दिनभर में एक खजूर से अधिक नहीं देना चाहिए। खजूर से बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ती है। अधिक मात्रा में खजूर खाने पर ब्लड शुगर बढ़ना, स्किन पर रैशेज आना, वजन बढ़ना, हाइपरकैलेमिया, अस्थमा जैसी गंभीर परेशानियां तक हो सकती हैं। पेट में मरोड़ और डायरिया इसके तत्काल लक्षण होते हैं।

खजूर को 8-10 घंटे पानी में भिगो कर रखें

खजूर को खाने से पहले उसे 8-10 घंटे पानी में भिगो कर रखें। पानी में रखने से खजूर में मौजूद टैनिंस या फाइटिक एसिड निकल जाते हैं। इससे न्यूट्रिएंट्स ठीक से एब्सॉर्ब हो पाते हैं। पानी में भिगो कर रखने से इसे पचाने में भी आसानी होती है।

जिन्हें खून की कमी है वो 3 महीने तक खाएं खजूर

खजूर में आयरन की मात्रा काफी अधिक होती है। डाइटीशियन डॉ. विजयश्री प्रसाद बताती हैं कि जिनमें हीमोग्लोबीन की कमी हो या जिनकी इम्यूनिटी कमजोर हो, उन्हें हर दिन एक खजूर खाना चाहिए। अगर 2 से 3 महीने तक खजूर खाते हैं तो न केवल वजन बढ़ेगा बल्कि शरीर में खून भी बनेगा।

खजूर को नियमित रूप से खाने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है। हाई ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल होता है।

आर्थराइटिस के रोगियों को खाना चाहिए

खजूर में मैग्नीशियम की मात्रा अधिक होती है। इसलिए आर्थराइटिस के रोगियों को काफी लाभ मिलता है। खजूर में पोटैशियम, बोरोन, कैल्शियम, कोबाल्ट, कॉपर, फ्लोरीन, मैंगनीज, फॉस्फोरस, सोडियम और जिंक जैसे 15 मिनरल्स होते हैं।

जो सेब, केले, संतरे में नहीं, वो केवल खजूर में

खजूर में पाए जाने वाले प्रोटीन में 23 तरह के एमिनो एसिड पाए जाते हैं। इनमें से कुछ एमिनो एसिड संतरे, सेब और केले में भी नहीं मिलता। खजूर में विटामिन C, B1 थाईमीन, B2 राइबोफ्लेविन, नायसीन और विटामिन A की प्रचुर मात्रा रहती है।

खजूर के 9 ऐसे गुण जो उसे खास बनाते हैं

दांतों को मजबूती: खजूर में फ्लोरीन होता है जो दांतों को कमजोर होने से बचाता है।

कब्ज करे दूर: खजूर में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, इससे कब्ज की शिकायत दूर होती है।

हार्ट को रखे दुरुस्त: खजूर में मौजूद न्यूट्रिएंंट्स हमारे हार्ट को स्वस्थ रखते हैं।

कोलेस्ट्रॉल करे कम: हर दिन एक खजूर खाने से भी बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है।

हडि्डयों को मजबूती: खजूर को कैल्शियम, पोटैशियम, फॉस्फोरस, कॉपर और मैग्नीशियम का पावर हाउस कहा जाता है। इससे हडि्डयों को ताकत मिलती है।

ब्रेन को खुराक: मेंटल हेल्थ को ठीक करता है, अल्जाइमर जैसी बीमारियों को कंट्रोल करने में भी मददगार होता है

स्टैमिना: शरीर की कमजोरी दूर होती है, स्टैमिना बढ़ता है।

पाइल्स में राहत: फाइबर रिच होने के कारण पाइल्स में भी खजूर खाना चाहिए।

हेल्दी प्रेग्नेंसी: आयरन की अधिक मात्रा होने की वजह से प्रेग्नेंट महिलाओं की डाइट में खजूर होना चाहिए।