4 अप्रैल को फ्यूल की कीमतें:पेट्रोल-डीजल के दाम में बदलाव नहीं, प्रोडक्शन में कटोती से कच्चा तेल चढ़ा

आज यानी मंगलवार (4 अप्रैल) को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। करीब नौ महीनों से दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपए, जबकि डीजल 89.62 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में आज गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं प्रोडक्शन कटौती से कच्चे तेल में 8% तक उछाल देखने को मिल रहा है।

कच्चा तेल सोमवाीर को 6% चढ़ा
OPEC+ देशों ने सोमवार को कच्चे तेल के उत्पादन में 10 लाख बैरल प्रति दिन की कटौती का ऐलान किया है। इस वजह से सोमवार को कच्चा तेल 6% चढ़ गया और एक महीने की ऊंचाई पर पहुंच गया। फिलहाल ब्रेंट क्रूड करीब आधा फीसदी बढ़कर 85 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर कारोबार कर रहा है, WTI क्रूड में भी करीब आधा फीसदी की तेजी है और ये 80 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है।

OPEC+ दुनिया के सभी कच्चे तेल के उत्पादन का लगभग 40% हिस्सा है। सऊदी अरब प्रति दिन 5 लाख बैरल और इराक 2 लाख 11 हजार बैरल उत्पादन कम कर रहा है। UAE, कुवैत, अल्जीरिया और ओमान भी कटौती कर रहे हैं। रूस का कहना है कि उसका प्रोडक्शन कट जो मार्च से जून के लिए था अब साल 2023 के अंत तक चलेगा। ब्लैक गोल्ड इनवेस्टर्स के हेज फंड मैनेजर गैर रॉस का कहना है कि ‘OPEC+ साफ तौर पर कीमतों में तेजी चाहता है।

मई 2022 के बाद से कीमतों में बदलाव नहीं
आखिरी बार मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था। तब पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया गया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम 9.5 रुपए और 7 रुपए कम हो गए थे। जुलाई 2022 में, महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर VAT में 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।

16 राज्यों में पेट्रोल 100 के ऊपर
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, उड़ीसा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए पर पहुंचा गया है। वहीं डीजल की बात करें तो ये ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से भी ऊपर निकल गया है।

रोजाना तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोजाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में बदलाव करती हैं।