ओबामा को छह साल के एलेक्स का भावुक खत, क्या आप हमारे भाई को घर ला सकते हैं?
वाशिंगटन. न्यूयॉर्क के छह वर्षीय एलेक्स ने अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को खत लिखकर भावुक अपील की है। एलेक्स ने सीरियाई बच्चे को अमरीका लाने को कहा है। एलेक्स ने खून से लथपथ और घबराए ओमरान की तस्वीर देखने के बाद ये पत्र लिखा है।
पिछले दिनों जून में हवाई हमले में बचने के बाद एंबुलेंस में बैठे पांच साल के सीरियाई बच्चे की तस्वीर एलेप्पो शहर में हो रहे अत्याचारों का प्रतीक बन गई। छह साल के एलेक्स ने सीरियाई शरणार्थी को अपने घर में जगह देने का प्रस्ताव दिया है।
यूएन में ओबामा ने दिया उदाहरण
ओबामा ने इस हफ्ते प्रवासी संकट पर यूएन की बैठक में एलेक्स के के शब्द बोले। राष्ट्रपति ने लिखा, हम सबको एलेक्स की तरह होना चाहिए। कल्पना कीजिए कि अगर हम ऐसे हो जाएंगे तो दुनिया कैसी होगी। हम कितना दुख कम कर पाएंगे और कितनी जानें बचेंगी। व्हाइट हाउस ने भी पत्र को एलेक्स की आवाज में जारी किया है।
मुझसे इंतजार नहीं हो रहा है, जल्दी आओ!
प्रिय राष्ट्रपति ओबामा…
आपको वो सीरियाई बच्चा याद है जिसे एबुलेंस वालों ने उठाया था? क्या आप उसके पास जा सकते हैं और उसे मेरे घर ला सकते हैं? हम हाथों में झंडे, फूल और गुब्बारे लेकर आपका इंतजार करेंगे। हम उसे एक परिवार देंगे और वो हमारा भाई होगा।
कैथरीन, मेरी छोटी बहन उसके साथ तितलियां और जुगनू पकड़ेगी। स्कूल में मेरा एक सीरियाई दोस्त है, उमर। मैं उमर से उसे मिलवाऊंगा। हम एक साथ खेल सकते हैं। हम उसे बर्थडे पार्टियों में बुलाएंगे और वो हमें एक नई भाषा सिखाएगा। हम भी उसे इंग्लिश सिखा सकते हैं। ठीक वैसे ही जैसे जापान से आए दोस्त ओतो को सिखाई थी।
प्लीज, उसे बताना है कि एलेक्स उसका भाई होगा जो एक दयालु लड़का है, उसी की तरह। चूंकि वो खिलौने नहीं ला पाएगा और उसके पास खिलौने नहीं होंगे, तो कैथरीन उसे अपने खिलौनों से खिलाएगी। उसके पास एक बड़ा सा नीली पट्टियों वाला सफेद बनी है। मैं उसे अपनी साइकल चलाने दूंगा और उसे सिखाऊंगा कि इसे कैसे चलाते हैं। मुझसे इंतजार नहीं हो रहा है, जल्दी आओ!
बड़ा सिर यानी ज्यादा समझदार बच्चा
क्या बच्चे का सिर बड़ा होना बुद्धिमान होने की निशानी है। लंदन से प्रकाशित मॉलीक्यूलर साइकेट्री जर्नल में यह दावा किया गया। पांच लाख बच्चों पर हुए शोध के अनुसार ऐसे बच्चे जिनका सिर सामान्य की तुलना में बड़ा था उन्होंने एक टैस्ट में अधिक अंक प्राप्त किए। उनके जींस में बदलाव देखा गया जो बुद्धिमता से जुड़ा था। यह शोध बच्चों के जींस, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को लेकर था।