राहुल की सजा पर कांग्रेस राष्ट्रपति से मिलेगी:विजय चौक तक पैदल मार्च निकालेगी; CBI-ED के इस्तेमाल पर 14 विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का शुक्रवार को नौवां दिन है। राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान पर भाजपा संसद में उनकी माफी की मांग कर रही है। भाजपा का कहना है कि राहुल की संसद सदस्यता रद्द कर दी जाए। इस मुद्दे पर लोकसभा में आज फिर हंगामा हुआ।
विपक्षी दलों ने शुक्रवार सुबह राहुल के मुद्दे पर बैठक की। साथ ही उन्होंने अडाणी मामले पर JPC जांच की मांग को लेकर चर्चा की। इधर, कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मिलने के लिए समय मांगा है। कांग्रेस शुक्रवार सुबह 11.30 बजे से 12 बजे के बीच विजय चौक तक पैदल मार्च निकालेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शाम 5 बजे हाईलेवल मीटिंग करेंगे। इसमें सभी राज्यों के अध्यक्ष और बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा 14 विपक्षी दल शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। इन दलों का आरोप है कि केंद्र सरकार CBI-ED जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष के नेताओं काे टारगेट कर रही है।
अब तक के अपडेट्स
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर सत्तापक्ष ने लोकसभा में हंगामा किया।
विपक्ष ने भी अडाणी मामले पर JPC की जांच की मांग को लेकर हंगामा किया।लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और राज्यसभा भी दोपहर 2:30 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
सूरत की कोर्ट ने राहुल को 2 साल जेल की सजा सुनाई
राहुल गांधी को गुरुवार को सूरत की कोर्ट ने 2 साल जेल की सजा सुनाई है। सजा मानहािन के केस में सुनाई गई है। 2019 में राहुल गांधी ने कर्नाटक की रैली में कहा था कि सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है। सजा सुनाए जाने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या राहुल की संसद सदस्यता चली जाएगी।
राहुल गांधी की सजा पर 2 बयान…
1. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा: राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है। अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे OBC समाज का अपमान किया। उन्हें चोर कहा। पूरा OBC समाज प्रजातांत्रिक ढंग से राहुल से इस अपमान का बदला लेगा।
2. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे: भाजपा लोगों को मुद्दे से भटकाने के लिए ऐसी बातें कर रही है। कौन इस देश के पैसे लेकर भाग गए? SBI और LIC के पैसे लेकर कौन अमीर बनें? इसका जवाब दीजिए।
सदन की कार्यवाही गुरुवार को अडाणी मुद्दे पर स्थगित हुई
संसद में गुरुवार सुबह नारेबाजी और शोर-गुल के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 24 मार्च तक स्थगित कर दी गई। वहीं, लोकसभा शुरू होते ही PM मोदी की मौजूदगी में विपक्षी सांसद वेल में आकर अडाणी मुद्दे पर नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
कार्यवाही स्थगित हुई तो इसके बाद विपक्षी नेताओं ने पार्लियामेंट के गेट नंबर 1 पर प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘वी वॉन्ट JPC’, ‘मोदी सरकार डाउन-डाउन’, ‘मोदी सरकार शेम-शेम’ जैसे नारे लगाए। लोकसभा में रिपोर्ट्स पेश होने के बाद स्पीकर ने नियम 377 के तहत चर्चा शुरू कराने की बात कही। विपक्षी सांसदों ने JPC की मांग को लेकर तख्तियां लहराईं और नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद कार्यवाही शाम 6 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शाम 6 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई। PM मोदी भी सदन में मौजूद थे। उनकी मौजूदगी में विपक्षी सांसद वेल में आकर अडाणी मुद्दे पर नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद सदन को शुक्रवार तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
6 अप्रैल तक प्रस्तावित है बजट सत्र का दूसरा फेज
सदन में भाजपा राहुल गांधी से लंदन में दिए बयान पर माफी की मांग पर अड़ी हुई है। वहीं, हिंडनबर्ग-अडाणी मामले पर कांग्रेस की जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) की मांग बरकरार है। बता दें कि बजट सत्र का दूसरा फेज 13 मार्च से शुरू हुआ था और यह 6 अप्रैल तक चलना प्रस्तावित है।
लोकसभा और राज्यसभा में 35 बिल पेंडिंग
लोकसभा-राज्यसभा से मिले बुलेटिन के मुताबिक, संसद में कुल 35 बिल पेंडिंग हैं। इनमें लोकसभा में 9 और राज्य सभा में 26 बिल पेश होने हैं। सत्र के पहले चरण में विधेयकों पर चर्चा और पारित किए जाने की संभावना कम है। हालांकि, सत्र के दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण बिल पेश किए जा सकते हैं।
राज्यसभा में पेंडिंग 26 बिलों में तीन विधेयक पहले ही लोकसभा से पारित किए जा चुके हैं। इनमें अंतरराज्यीय नदी जल विवाद (संशोधन) विधेयक 2019, संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक 2022 और संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक 2022 शामिल है।
बजट सत्र के पहले चरण की 5 अहम बातें-
1). वित्त मंत्री ने बजट 2023-24 पेश किया
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को लोकसभा में अपना पांचवां आम बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने 8 साल बाद स्लैब बदला और 7 लाख की आमदनी पर टैक्स छूट देने की घोषणा कर दी। सीतारमण का ये 5वां और देश का 75वां बजट है। उन्होंने इस बार पहले की तुलना में कम समय लिया। इस बार का भाषण महज 1 घंटे 27 मिनट का था।
2). लोकसभा में राहुल का सरकार से सवाल
राहुल गांधी ने मंगलवार को गौतम अडाणी और हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर सरकार और PM मोदी से सवाल पूछे। राहुल ने कहा, “2014 में गौतम अडाणी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 609वें नंबर पर थे। कुछ ही साल में न जाने क्या जादू हो गया, अडाणी इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए।” इस पर कांग्रेस सांसदों ने नारा लगाया ‘मोदी है तो मुमकिन है।
3). राज्यसभा में खड़गे बोले- सभापति मशीन से नोट गिनने लगे
बजट सत्र के दौरान पिछले बुधवार को राज्यसभा में कांग्रेस और भाजपा सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की स्पीच के दौरान हंसी-ठिठोली भी हुई। मोदी-शाह की वॉशिंग मशीन, हरिश्चंद्र का जिक्र हुआ। खड़गे ने शेर सुनाया, तो सभापति भी शायराना हो गए।
4). लोकसभा में मोदी बोले- कांग्रेस की बर्बादी पर रिसर्च तय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दिया। अपने 85 मिनट के भाषण में उन्होंने राहुल गांधी के अडाणी पर पूछे किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। मोदी की पूरी स्पीच में अडाणी का जिक्र तक नहीं था। हालांकि PM विपक्ष की एकता से लेकर राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज जरूर कसते रहे।
5). राज्यसभा में मोदी ने कहा- मैं अकेला बोल रहा हूं, उन्हें नारेबाजी के लिए लोग बदलने पड़ रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दिया। प्रधानमंत्री की स्पीच शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, जो उनके 90 मिनट के भाषण के दौरान लगातार जारी रही। इस पर PM बोले- देश देख रहा है कि एक अकेला कितनों पर भारी पड़ रहा है। नारे बोलने के लिए भी लोग बदलने पड़ रहे हैं।