जंतर-मंतर पर जनसभा को संबोधित करेंगे अरविंद केजरीवाल:भगवंत मान भी रहेंगे मौजूद; मोदी हटाओ, देश बचाओ का नारा लगाया जाएगा
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान गुरुवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनसभा को संबोधित करेंगे। ये जनसभा दिल्ली में पीएम मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाने के बाद हुई कार्रवाई के चलते हो रही है।
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता गोपाल राय के मुताबिक इस सभा में पार्टी के सभी विधायक, सांसद और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मंच से मोदी हटाओ, देश बचाओ का नारा लगाया जाएगा।
देशभर में चलेगा मोदी हटाओ, देश बचाओ अभियान
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से नहीं डरी है। उन्होंने ऐलान किया कि आप गुरुवार से देश भर में मोदी हटाओ, देश बचाओ अभियान शुरू करेगी। गोपाल राय ने आगे कहा कि वे इस नारे को अगले लोकसभा चुनावों तक लेकर जाएंगे।
बुधवार को शहीद दिवस भी है। इस दिन भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को फांसी दी गई थी। गोपाल राय ने कहा कि जनसभा में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को याद करेंगे।
पोस्टर मामले में 36 FIR और 6 गिरफ्तार
राजधानी में बुधवार को ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने 36 FIR दर्ज कीं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो प्रिटिंग प्रेस मालिक भी शामिल हैं। पोस्टर ले जा रही एक वैन को भी जब्त किया गया।
आम आदमी पार्टी ने पूछा- पोस्टर में आपत्तिजनक क्या है
आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही बताया है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा- मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 FIR कर दीं? PM मोदी आपको शायद पता नहीं, पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है, एक पोस्टर से इतना डर क्यों?
1 लाख पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपेंद्र पाठक ने बताया, ‘दो प्रिंटिंग प्रेस फर्म को ऐसे 50-50 हजार पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था। कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक इनमें से कई पोस्टर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस का नाम प्रकाशित न करने के आरोप में मालिकों को गिरफ्तार किया है।’
दो साल पहले भी दिल्ली में एंटी मोदी पोस्टर लगे थे
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा ही एक मामला दो साल पहले भी सामने आया था। जब दिल्ली में कोविड वैक्सीनेशन ड्राइव के दौरान मोदी की आलोचना करने वाले पोस्टर लगाए गए थे। तब दिल्ली पुलिस ने 30 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, 25 FIR दर्ज की गई थीं।
जेल में हैं दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्री
दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया अभी जेल में है। इसे लेकर भी आम आदमी पार्टी की केंद्र सरकार से ठनी हुई है। आम आदमी पार्टी भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाती है।
दिल्ली शराब नीति केस में CBI ने सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। 27 फरवरी को उनकी कोर्ट में पेशी हुई थी, यहां से सिसोदिया को 5 दिन की CBI रिमांड पर भेजा गया था। फिलहाल, वे ED की कस्टडी में हैं। कोर्ट ने बुधवार को उनकी कस्टडी 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। वे 5 अप्रैल तक ED की कस्टडी में होंगे।
दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर रहे सत्येंद्र जैन को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैन, उनकी पत्नी पूनम और अन्य पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि जैन ने कथित तौर पर दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाई या खरीदी थीं। जैन भी तिहाड़ जेल में बंद हैं।