Chaitra Navratri 2023: ये हैं दिग्गज भारतीय उद्योगपति महिलाएं, जो कर रहीं टाॅप कंपनियों का नेतृत्व

Chaitra Navratri 2023 : चैत्र नवरात्रि का पर्व शक्ति के सम्मान का पर्व है। चैत्र नवरात्रि में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है। माता के सभी स्वरूप नारी के स्वरूपों को प्रदर्षित करते हैं। एक महिला मां अन्नपूर्णा का प्रतीक है, तो वहीं मां लक्ष्मी का भी रूप है। मां सरस्वती तो महाकाली का भी रूप महिला में दिख सकता है। ऐसे में इस पर्व  के मौके पर देवी पूजा के साथ ही समाज की हर महिला को सम्मान भी दें। भारत में ऐसी कई महिलाएं हैं जो घर-परिवार से साथ ही देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मामले संभाल रही हैं। दुनिया के बड़े उद्योग और कंपनियों में महिलाओं की भागीदारी बहुत बढ़ गई है। भारत की ही कई महिलाएं देश-विदेश की सबसे बड़ी कंपनियों की सीईओ या उच्च पद पर हैं और हजारों-लाखों कर्मचारियों का नेतृत्व कर रही हैं। चैत्र नवरात्रि के मौके पर मिलिए अपने इनोवेटिव आइडिया और कुशल नेतृत्व के जरिए देश के टाॅप कंपनियों का नेतृत्व कर रहीं उद्योगपति महिलाओं से।

फाल्गुनी नायर
महिलाओं के बीच लोकप्रिय ब्यूटी ब्रांड नायका की फाउंडर और सीईओ भी एक महिला ही हैं। फाल्गुनी नायर ने मुंबई विश्वविद्यालय और आईआईएम अहमदाबाद से डिग्री हासिल करने के बाद एएफ फर्ग्यूसन एंड कंपनी से करियर की शुरुआत की। 18 साल कोटक महिंद्रा इन्वेस्टमेंट बैंक में कार्यरत रहीं।

लीना नायर
लीना नायर भारतीय मूल की महिला हैं, जो कि फ्रांस के प्रसिद्ध फैशन और लग्जरी ब्रांड चैनल की सीईओ हैं। महाराष्ट्र के कोल्हापुर की रहने वाली लीना वर्ष 2013 में लंदन शिफ्ट हो गई थीं। यहां लीना ने यूनिलीवर में चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर के पद पर कार्य किया। बाद में चैनल की सीईओ बनीं।

नमिता थापर
नमिता थापर एमक्योर फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की सीईओ हैं। वह पेशेवर व्यवसायी हैं, जो कि रियलिटी शो शार्क टैंक इंडिया में बतौर जज नजर आ चुकी हैं। नमिता इनक्रेडिबल वेंचर्स लिमिटेड की संस्थापक और सीईओ भी हैं। उन्होंने पुणे से ग्रेजुएशन किया और आईसीएआई से चार्टर्ड अकाउंट की डिग्री हासिल की।

विनीता सिंह
शार्क टैंक इंडिया की जज रहीं और शुगर कॉस्मेटिक की सीईओ विनीता सिंह किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। विनीता सिंह की कंपनी एक कॉस्मेटिक ब्यूटी ब्रांड है। उन्होंने आईआईटी मद्रास और आईआईएम अहमदाबाद से पढ़ाई पूरी की और कई जाॅब ऑफर को ठुकराकर अपनी कंपनी की शुरुआत की। आज उनकी कंपनी का नाम देश ही नहीं दुनियाभर में मशहूर है।

नेहा कांत
नेहा कांत अंडरगार्मेंट्स के लिए मशहूर ब्रांड क्लोविया की संस्थापक और चीफ रेवेन्यू ऑफिसर हैं। नेहा ने एक मीडिया ग्रुप में काम किया और बाद में महिलाओं के लिए भारतीय इंटिमेट वियर बाजार में अच्छी फिटिंग, आरामदायक और फैशनेबल अंडरवियर के अभाव को समझते इसकी कमी को दूर करने के लिए खुद से एक ब्रांड की शुरुआत की।