Meghalaya-Nagaland Voting : मेघालय-नगालैंड में वोटिंग में उत्साह, जानें 9 बजे तक कहां-कितना मतदान
Meghalaya-Nagaland Voting : पूर्वोत्तर के दो राज्यों मेघालय और नगालैंड में आज विधानसभा के लिए मतदान शुरू हो गया है। दोनों ही राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं, लेकिन इस बार मेघालय और नगालैंड में 59-59 सीटों पर मतदान हो रहा है। दोनों ही राज्यों में 40 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 559 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दूसरी तरफ चार राज्यों- तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और झारखंड की विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
पहले पांच और पहली बार मतदान करने वाले सम्मानित
मेघालय में पांच पहले वोट डालने वालों को सम्मानित किया गया। मतदान केंद्रों पर ही उनको सम्मानित किया गया। एमीदाओ शैली ने अपना फोटो ट्विट करते हुए लिखा, मैं पहला वोटर बना। चुनाव आयोग की तरफ से दी गई सम्मान प्रतीक के साथ उन्होंने फोटो ट्विट किया।चुनाव आयोग ने मतदान को प्रोत्साहित करने के लिए यह सम्मान दिया है। इसके साथ ही पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
इरोड उपचुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार ने डाला वोट
तमिलनाडु: कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलंगोवन ने इरोड (पूर्व) उपचुनाव के लिए मतदान किया। तस्वीरें महाजन स्कूल के बूथ संख्या 180 की हैं। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि हम भारी बहुमत से ये चुनाव जीतेंगे।
झारखंड में रामगढ़ सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
झारखंड के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा में मतदान जारी हैं। उपचुनाव में 14 निर्दलीय सहित 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के बीच माना जा रहा है। चुनाव के लिए आजसू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस विधायक ममता देवी को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
मेघालय: सबसे पहले वोट करने पहुंचे पांच मतदाताओं को मिले स्मृति चिह्न
मेघालय में वोटिंग को बढ़ावा देने के लिए चुनाव आयोग ने सबसे पहले मतदान केंद्र पहुंचने वाले पांच मतदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया है। तुरा गारो हिल्स से इस मौके पर तस्वीरें और वीडियो भी सामने आईं।
पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी
सागरदीघी (पश्चिम बंगाल): सागरदिघी विधानसभा सीट के लिए मतदान शुरू हुआ है। गौरतलब है कि चार राज्यों तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड की विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
नगालैंड में चार महिलाओं सहित 183 उम्मीदवार
दूसरी ओर नगालैंड में भी मतदान होगा। इस राज्य में 13 लाख से अधिक मतदाता चार महिला उम्मीदवार सहित कुल 183 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां कुल 60 सीटें हैं, लेकिन इस बार 59 पर मतदान हो रहे हैं। भाजपा के एक प्रत्याशी जुन्हेबोटो जिले में आकुलुटो सीट से भाजपा प्रत्याशी और निर्वतमान विधायक काजहेटो किन्मी निर्विरोध चुने गए हैं। इस बार नगालैंड में चार महिला सदस्यों सहित कुल 183 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगालैंड के पुलिस महानिदेशक रुपिन शर्मा ने कहा कि नगालैंड की सीमाओं को सील कर दिया गया है। सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 305 कंपनियों और नगालैंड पुलिस की 15 बटालियनों को भी तैनात किया गया है।
नगालैंड में 13 लाख से अधिक मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला
विधानसभा चुनाव के वास्ते जनसभाओं, रोड शो और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क बंद होने के साथ ही शनिवार शाम को प्रचार खत्म हो गया। राज्य में 13 लाख से अधिक मतदाता हैं और 60 सदस्यीय विधानसभा की 59 सीटों के लिए चार महिलाओं एवं 19 निर्दलीय समेत 184 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 27 फरवरी को सुबह सात बजे से अपराह्न चार बजे तक मतदान होगा।
क्या नगालैंड को मिलेगी पहली महिला विधायक?
नगालैंड राज्य बने करीब 60 वर्ष होने को हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि इस राज्य में आज तक महिला विधायक नहीं हैं। इस बार भाजपा ने एक, एनडीपीपी ने दो और कांग्रेस ने एक महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। इस बार सबके मन में एक ही सवाल है कि क्या कोई महिला विधायक बन पाएगी या फिर पांच वर्षों तक और इंतजार करना पड़ेगा।