यमुना में मिली कार लापता मैनेजर की होने की आशंका:मछुआरे के जाल में फंसी कार, पुलिस क्रेन की मदद से निकालने में जुटी

आगरा के दयालबाग में रहने वाले पेपर मिल के मैनेजर शनिवार रात को कार सहित लापता हो गए थे। परिजनों ने बताया कि वह शादी समारोह में गए थे, वहां से लौटकर आए लेकिन घर नहीं पहुंचे। थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। सोमवार देर शाम को पुलिस को यमुना नदी में एक कार मिलने की सूचना मिली। मैनेजर की कार होने की आशंका पर आज कार को निकालने के लिये मौके पर क्रेन लगाई गई है। दयालबाग के पुष्पांजलि सीजन के फ्लैट 504 निवासी और जीवनी मंडी में स्तिथ पेपर मिल के मार्केटिंग मैनेजर प्रकाश पेरवानी अपनी मां के साथ रहते थे। पुलिस को परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मैनेजर शनिवार रात को एक रिजॉर्ट में शादी में शामिल होने गए थे और रात को घर के लिए निकले थे। लेकिन समय से घर नहीं पहुंचे। मां ने कई बार कॉल लगाया लेकिन बात नहीं हो पाई। प्रकाश को बहुत तलाशा लेकिन उनका कोई भी पता नहीं चला। जिसके बाद रविवार को पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकाश पेरवानी की तलाश शुरू कर दी।

रात 12 बजे तक खड़ी थी कार

पुष्पांजलि सीजन के आसपास के कैमरों की फुटेज भी चेक की गई जिसमें पुलिस को शनिवार की रात करीब 12 बजे मैनेजर की कार पुष्पा फार्म हाउस के पास नजर आई जो कि घर से मात्र 300 मीटर की दूरी पर है। लेकिन इसके बाद यहां से कार कहां गायब हो गई। इस बात का पुलिस को पता नहीं चला। पुलिस ने पुष्पा फार्म हाउस से थोड़ा आगे मौजूद राजश्री स्टेट की तरफ भी सीसीटीवी फुटेज चेक किए लेकिन कोई भी जानकारी नहीं हो सकी।

मछली पकड़ते समय जाल में फंसी कार

पुलिस ने मैनेजर को तलाशने के लिए सर्विलांस की भी मदद ली। जिसकी जानकारी के अनुसार करीब 12:15 मैनेजर का मोबाइल बंद हो गया था और आखरी लोकेशन घर के पास ही आई थी। सोमवार को एक मछुआरे ने पुलिस को कॉल किया और बताया कि वह जब यमुना में मछली पकड़ने गया तो उसके जाल में कार फंस गई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को निकालने में जुट गई। लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद कार नहीं निकल पाई।

रात को नहीं हो सका रेस्क्यू

थाना प्रभारी न्यू आगरा विजय विक्रम सिंह का कहना है कि आज कार निकालने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए क्रेन भी मंगाई जा रही है। हो सकता है यह कार लापता मैनेजर की हो। कार निकलने के बाद परिवार के लोगों को बुलाया जाएगा।