IND vs WI: अश्विन सेन्चुरी के करीब, 19 साल के डेब्यू बॉलर ने लिया कोहली-रोहित का विकेट
सेंट लुसिया. वेस्ट इंडीज के खिलाफ सीरीज के तीसरे टेस्ट में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली इनिंग में 5 विकेट खोकर 234 रन बना लिए हैं। स्टम्प तक आर. अश्विन (75) और रिद्धिमान साहा (46) नॉटआउट थे। भारत की ओर से पहले दिन दो हाफ सेन्चुरी लगी। अश्विन के अलावा लोकेश राहुल ने 50 रन बनाए। करियर का पहला टेस्ट खेल रहे 19 साल के अल्जारी जोसेफ ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को आउट किया। कैसा रहा पहले दिन का खेल…
– मैच में वेस्ट इंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। होल्डर का ये फैसला उस वक्त बिल्कुल सही साबित हुआ जब भारत का पहला विकेट केवल 9 रन पर गिर गया।
– 77 रन तक भारत के 3 विकेट गिर चुके थे। लेकिन लोकेश राहुल और अजिंक्य रहाणे ने मिलकर भारत की इनिंग संभाली।
– पहले दिन भारत की ओर से लोकेश राहुल और आर. अश्विन ने हाफ सेन्चुरी लगाई। दिन का खेल खत्म होने तक आर. अश्विन 75* और रिद्धिमान साहा 46* रन बनाकर क्रीज पर थे।
– वहीं वेस्ट इंडीज के लिए रोस्टन चेस और करियर का पहला टेस्ट खेल रहे अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए। जोसेफ को अपने डेब्यू मैच में ही विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे धुरंधरों का विकेट मिला।
कैसे गिरे भारत के विकेट
– भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और तीसरे ही ओवर में शिखर धवन (1) आउट हो गए। वे ग्रेबिएल की बॉल पर शेन डोरिक को कैच दे बैठे।
– इसके बाद बैटिंग करने आए कप्तान विराट कोहली भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके।
– छठे ओवर में विराट कोहली के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा। कोहली जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 19/2 रन था।
– करियर का पहला मैच खेल रहे अल्जारी जोसेफ ने कोहली को ब्रावो के हाथों कैच करा भारत को तगड़ा झटका दिया।
– इसके बाद बैटिंग करने आए अजिंक्य रहाणे ने दूसरे छोर पर मौजूद लोकेश राहुल का अच्छा साथ दिया।
– दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। इस जोड़ी को रोस्टन चेस ने तोड़कर भारत को तीसरा झटका दिया।
– लोकेश राहुल (50) रोस्टन चेस की बॉल पर क्रेग ब्रेथवेट को कैच दे बैठे। जब वे आउट हुए तब टीम का स्कोर 77/3 रन था।
– टीम के स्कोर में 10 और जुड़े थे कि नए बैट्समैन रोहित शर्मा ने अल्जारी जोसेफ की बॉल पर शेन डोरिक को कैच दे दिया।
– दिन का अगला और पांचवां विकेट अजिंक्य रहाणे (35) का रहा। उन्हें रोस्टन चेस ने बोल्ड कर दिया।
लोकेश ने बनाए 50 रन
लोकेश राहुल भारत की पहली इनिंग में 50 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इनिंग में उन्होंने 65 बॉल का सामना किया, जिसमें उन्होंने 6 चौके भी लगाए। उनकी आक्रामक बैटिंग को इसी बात से समझा जा सकता है कि उनका स्ट्राइक रेट 76.92 रहा। इससे पहले दूसरे टेस्ट मैच में भी उन्होंने शानदार सेन्चुरी लगाते हुए 158 रन बनाए थे।
अश्विन ने भी लगाई हाफ सेन्चुरी
इस मैच में आर. अश्विन ने भी बेहद जरूरी मौके पर हाफ सेन्चुरी लगाकर टीम की काफी मदद की। अश्विन जब बैटिंग करने आए थे तब टीम 87/4 रन पर संघर्ष कर रही थी। लेकिन इसके बाद अश्विन ने क्रीज पर रुककर बेहद समझदारी के साथ बैटिंग की। उन्होंने अपने 50 रन 157 बॉल खेलकर पूरे किए। उनकी टिकाऊ बैटिंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिफ्टी पूरी करने तक उन्होंने केवल 1 चौका लगाया था। दिन का खेल खत्म होने तक वे 75 रन बनाकर नॉटआउट थे।
किस विकेट के लिए जुड़े कितने रन
– 1st विकेटः लोकेश राहुल-शिखर धवन- 9 रन
– 2nd विकेटः लोकेश राहुल-विराट कोहली- 10 रन
– 3rd विकेटः लोकेश राहुल-अजिंक्य रहाणे- 58 रन
– 4th विकेटः अजिंक्य रहाणे-रोहित शर्मा- 10 रन
– 5th विकेटः अजिंक्य रहाणे-आर. अश्विन- 39 रन
– 6th विकेटः आर. अश्विन-रिद्धिमान साहा- 108* रन
टीम इंडिया का स्कोर बोर्डः
बैट्समैन | रन | बॉल | 4 | 6 | |
लोकेश राहुल | कै. ब्रेथवेट बो. चेस | 50 | 65 | 6 | 0 |
शिखर धवन | कै. डोरिक बो. गेब्रिएल | 1 | 4 | 0 | 0 |
विराट कोहली | कै. ब्रावो बो. जोसेफ | 3 | 8 | 0 | 0 |
अजिंक्य रहाणे | बो. रोस्टन चेस | 35 | 133 | 4 | 0 |
रोहित शर्मा | कै. डोरिक बो. जोसेफ | 9 | 23 | 2 | 0 |
रविचंद्रन अश्विन | नॉट आउट | 75 | 190 | 4 | 0 |
रिद्धिमान साहा | नॉट आउट | 46 | 122 | 4 | 0 |