ताजा खबर

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी किया फॉग अलर्ट, कई ट्रेनें लेट

दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है और फिलहाल इससे राहत मिलती नहीं दिख रही है। आज तापमान और गिरने की आशंका। कोहरे का भी असर बना हुआ है। आज सवेरे दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही उसने जानकारी दी है कि सभी उड़ानों का संचालन इस समय सामान्य है फिर भी यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए। इसके अलावा कोहरे के कारण उत्तर रेलवे की 12 ट्रेन देरी से चल रही हैं और दो को दोबारा शेड्यूल किया गया है।

उत्तर पश्चिमी दिशाओं से चल रही बर्फीली हवाओं के वजह से बुधवार को दिल्ली का पारा नैनीताल, देहरादून, जम्मू, कटरा, अमृतसर से भी नीचे चला गया था। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं दस साल बाद चार जनवरी को न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज हुआ है। इससे पहले 4 जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को दिन भर चली ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस हुई। दिन में हल्की धूप जरूर खिली, लेकिन ज्यादा राहत नहीं मिली।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, भारत के उत्तरी व मध्य भागों में कोहरा छाया हुआ है, जिससे विभिन्न स्थानों पर शीत से बहुत शीत दिन रहा। हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के दूरस्थ स्थानों पर शीत लहर दर्ज की गई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित पालम वेधशाला ने बुधवार को सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की।

Related Articles

Back to top button