Agra: मिर्जापुर की विधवा को आगरा में बेचा, तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, मासूम बेटे को भी छीन ले गए
आगरा में एक विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता मिर्जापुर की रहने वाली है। आरोपियों ने काम दिलाने का झांसा देकर उसे आगरा में बेच दिया था। उसके ढाई साल के बेटे को छीन ले गए।
मिर्जापुर की रहने वाली विधवा महिला को काम दिलाने का झांसा देकर आगरा में बेच दिया गया। तीन लोगों ने उसके साथ जंगल में दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर छोड़ दिया। किसी तरह महिला अपने घर पहुंची। मंगलवार को मिर्जापुर पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया। महिला ने अपने ढाई साल के बच्चे को बेचने की बात कही। पुलिस ने अपहरण और मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी है। मंगलवार को पुलिस टीम आगरा भी आई। ट्रांसयमुना क्षेत्र में एक होटल में छानबीन के लिए पहुंची।
ट्रक वाले की मदद से पहुंची घर
इस मामले में मिर्जापुर के चुनार थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि पति की मौत हो चुकी है। उसे काम दिलाने के नाम पर कांशीराम आवासीय कॉलोनी के चार लोग 20 दिसंबर को आगरा ले आए। यहां एक होटल में ले गए। उसे तीन लाख रुपये में बेचने के बाद आरोपी उसके बच्चे को साथ लेकर चले गए। इसके बाद तीन लोगों ने जंगल में उसके साथ दुष्कर्म किया। मारपीट कर उसे वहीं छोड़ दिया। ट्रक वाले की मदद लेकर वह किसी तरह से वापस अपने घर वापस पहुंची। उसका ढाई वर्ष का बच्चा अब भी आरोपियों के कब्जे में है। महिला ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में मेडिकल कराया।