दिल्ली के दीपक और न्यूजीलैंड के फिलिप्स ने जड़े छह बॉल्स पर छह छक्के

नई दिल्ली/लंदन. दो और बैट्समेन ने क्रिकेट के मैदान पर एक ओवर में छह छक्के लगाने का कमाल कर दिखाया है। ये है दिल्ली के दीपक खत्री और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स। खास बात ये है कि दोनों ही बैट्समेन ने इस दौरान डबल सेन्चुरी लगाई।दीपक ने कहां किया कमाल…
– शुक्रवार को दीपक ने हॉटवेदर क्रिकेट टूर्नामेंट में विद्या जैन एकेडमी की आेर से आरपी एकेडमी के खिलाफ एक आेवर में छह छक्के जड़ने का कमाल किया। उनकी इस बैटिंग की वजह से आरपी एकेडमी 42 रन से हार गई। दीपक ने 214 रन बनाए।
– न्यूज़ीलैंड के 19 साल के ग्लेन फिलिप्स ने मेरीलीबोन क्रिकेट क्लब की आेर से खेलते हुए नोरफोल्क क्लब के खिलाफ छह बॉल्स में छह छक्के जड़े। ग्लेन ने अपनी पारी में 123 गेंदों पर 201 रन भी बनाए। उन्होंने 15 छक्के आैर 14 चौके मारे। फिलिप्स की टीम ने 299 रन बनाने के बाद इनिंग डिक्लेयर कर दी।
कौन हैं फिलिप्स
– फिलिप्स का जन्म तो साउथ अफ्रीका में हुआ, लेकिन वो खेलते न्यूजीलैंड से हैं। वो न्यूजीलैंड की अंडर 19 टीम में हैं और पिछले अंडर 19 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा थे।
– उन्होंने पिछले हफ्ते एरूंडेल ग्राउंड पर छह छक्के लगाए। इस ग्राउंड पर 1895 से मैच खेले जा रहे हैं, लेकिन 100 साल से ज्यादा के वक्त में यह पहला मौका है, जब किसी बल्लेबाज ने एक ओवर में छह छक्के लगाए हों।
– फिलिप्स टीम के मेन विकेटकीपर भी हैं। कई बार वे ओपन करते हैं, तो जरूरत पड़ने पर मिडल ऑर्डर में भी बैटिंग करते हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ दो बैट्समेन ऐसे
– साउथ अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने 2007 के वनडे वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के लगाए थे।
– इसी साल भारत के युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप में ये कारनाम किया था।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कौन?
– वेस्ट इंडीज के सर गारफील्ड सोबर्स ने सबसे पहले एक ओवर में छह छक्के लगाए थे।
– इसके बाद, रवि शास्त्री ने रणजी ट्रॉफी मैच में तिलकराज की छह गेंदों पर छह छक्के लगाए थे।