बिहार रोड रेज: मारे गए लड़के के पिता बोले- जेल में पार्टी करेगा आरोपी, उसे फांसी दो

पटना. बिहार के गया में साइड न देने पर हुई कहासुनी के बाद एक स्टूडेंट को गोली मारने के आरोपी जेडीयू एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स की मानें तो रॉकी को जिस घर से गिरफ्तार किया गया, वह उसके पिता बिंदी यादव का ही है। इस बीच, मारे गए स्टूडेंट आदित्य के पिता ने कहा है कि रॉकी तो जेल में भी पार्टी करेगा, नीतीश को उसे फांसी दे देना चाहिए।रॉकी बोला- मैं तो दिल्ली में था…
रॉकी ने एक चैनल से कहा- “मैं तो दिल्ली में था। मां ने फोन किया कि पुलिस के सामने पेश हो जाओ। मैं गया आकर पेश हो गया। मैं कोर्ट के सामने ही सच्चाई बताऊंगा।”
– एसएसपी गरिमा मलिक के मुताबिक, रॉकी ने हत्या का गुनाह कबूला है। पिस्टल का लाइसेंस भी रॉकी के नाम से है।
– इटालियन मॉडल की ब्रेटा पिस्टल है आरोपी के पास। इसका लाइसेंस दिल्ली से जारी हुआ था।
कैसे पकड़ा गया रॉकी
– पुलिस ने रॉकी को पकड़ने के लिए सोमवार को एमएलसी मनोरमा देवी के घर पर रेड मारी।
– इस दौरान उनसे रॉकी के ठिकाने के बारे में पूछताछ की गई। करीब 3 घंटे चली छानबीन के बाद रॉकी को अरेस्ट किया गया।
– इस रेड के लिए गया पुलिस सुपरिटेंडेंट आकाश कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) बनाई गई थी।
क्या है मामला
– बता दें कि एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी ने साइड नहीं देने पर एक बिजनेसमैन के बेटे आदित्य सचदेव को गोली मार दी थी।
– घटना के बाद से ही आरोपी रॉकी फरार था। इस मामले में पुलिस ने मनोरमा के पति बिंदी यादव और उसके बॉडीगार्ड को पहले ही अरेस्ट कर लिया है।
– बिंदी यादव को गया जिले में बाहुबली माना जाता है। उस पर पहले ही कई मामले दर्ज हैं।
कैसे हुई घटना
– रॉकी शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी नई लैंड रोवर कार से कहीं जा रहा था।
– एक स्विफ्ट कार उसकी लैंड रोवर के आगे चल रही थी। रॉकी अपनी गाड़ी को उस कार से आगे ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्विफ्ट कार चला रहा ड्राइवर सामने जगह न होने की वजह से साइड नहीं दे पाया।
– इसके बाद रॉकी ने किसी तरह स्विफ्ट को ओवरटेक करके रोक लिया। स्विफ्ट कार में बैठे लड़कों और रॉकी के बीच बहस हुई।
– इसके बाद रॉकी ने स्विफ्ट चला रहे लड़के को गोली मार दी। मारे गए लड़के का नाम आदित्य सचदेव है। आदित्य अपने कुछ दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी से लौट रहा था।
– आदित्य के पिता गया के बड़े पाइप कारोबारी हैं।
सड़क पर उतरे लोग
– पुलिस ने कार मनोरमा देवी के घर से बरामद की है।
– घटना के विरोध में पटना के कारोबारी रविवार को सड़क पर उतर आए।
– हजारों लोगों ने गया में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
एमएलसी के अरेस्ट पति पर हैं मर्डर-किडनैपिंग के कई केस
– आदित्य की जान लेने वाले रॉकी के पिता और एमएलसी मनोरमा के पति बिंदी यादव पर मर्डर, किडनैपिंग और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
– नेताओं की वजह से पुलिस भी उस पर कार्रवाई करने से परहेज करती है। कुछ महीने पहले ही उसके घर से कई हथियार बरामद किए गए थे।
– बिंदी पर नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने का भी आरोप है।