सिंहस्थ: स्वामी नित्यानंद ने विदेशी भक्तों के साथ किया शाही स्नान

उज्जैन.मध्य प्रदेश के उज्जैन में दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक मेला सिंहस्थ महापर्व शुरू हो चुका है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 12 बजते ही श्रद्धालुओं ने क्षिप्रा में सिहंस्थ 2016 की पहली डुबकी लगाई और इसी के साथ सिंहस्थ महापर्व का आगाज हो गया। जैसी उम्मीद की जा रही थी कि पहले शाही स्नान में लगभग 1 करोड़ श्रद्धालु आएंगे, उसके मुकाबले बहुत कम लोग आए। आज सुबह से ही अखाड़ों के शाही स्नान का क्रम जारी है।
सबसे पहले जूना अखाड़ा के संत पेशवाई के रूप में दत्त अखाड़ा घाट पहुंचे और शाही स्नान किया। जूना के साथ अग्नि और आह्वान अखाड़े के संत भी थे। साध्वियों ने भी डुबकी लगाई। इसके बाद अन्य शैव अखाड़ों ने अपने क्रम से शाही स्नान किया। राम घाट व दत्त अखाड़ा घाट छोड़कर अन्य घाटों पर भक्त भी स्नान कर रहे हैं। आमजन दोपहर 2 बजे बाद राम घाट व दत्त अखाड़ा घाट पर स्नान कर पाएंगे।

पहले शाही स्नान में एक भी शंकराचार्य नहीं पहुंचे

– सदी के दूसरे सबसे बड़े मेले सिंहस्थ महापर्व में देश के चारों प्रमुख पीठों के शंकराचार्यों में एक भी पहले शाही स्नान में शामिल नहीं हो रहे हैं।
– इसका मुख्य कारण शंकराचार्यों का सिंहस्थ में देरी से आगमन होना है। शंकराचार्यों का आगमन मई में होगा।
– प्रशासन ने रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट को छोड़कर अन्य घाटों पर भक्तों के स्नान की व्यवस्था की है।
– दोपहर 2 बजे बाद आम लोग रामघाट व दत्त अखाड़ा घाट पर स्नान कर पाएंगे।

4 हजार पंडालों में संतों का डेरा

– मेले के लिए 3061 हेक्टेयर में 4 हजार से ज्यादा पंडालों में साधु-संतों ने डेरा डाल दिया है।
– निवर्तमान शंकराचार्य स्वामी सत्यमित्रानंदजी, जूना पीठाधीश्वर अवधेशानंद गिरि, महामंडलेश्वर पायलट बाबा, परमहंस नित्यानंद, महामंडलेश्वर दाती महाराज और अन्य प्रमुख संत भी आ चुके हैं।
– 22 अप्रैल को पहले शाही स्नान में ये सभी अपने अखाड़ों के साथ क्षिप्रा में डुबकी लगाएंगे।
– सभी अखाड़ों को स्नान के लिए ज्यादा से ज्यादा 30 मिनट मिलेंगे।

ये रहेगा अखाड़ों के स्नान का शेड्यूल

– 13 अखाड़ों के साधु-संत शुक्रवार सुबह से शाही स्नान करेंगे। 2 घाट संतों के लिए, जबकि 35 घाट श्रद्धालुओं के स्नान के लिए हैं।
– जूना अखाड़ा-दत्त अखाड़ा से जुलूस सुबह 6 बजे घाट पर पहुंचेगा, 6.30 बजे वापसी।
– आह्वान और अग्नि अखाड़ा सुबह 5.20 बजे सदावल छावनी से 6 बजे घाट पर पहुंचेगा, 6.30 बजे वापसी।
– महानिर्वाणी और अटल अखाड़े की सुबह 6.20 बजे छावनी से रवानगी, 6.50 बजे दत्त अखाड़ा घाट से 7.20 बजे वापसी।
– निरंजनी और आनंद की सुबह 7.20 बजे रवानगी, 7.50 बजे दत्त अखाड़ा पर स्नान, 8.20 पर वापसी।
– वैष्णव अखाड़े- रामघाट पर वैष्णव संप्रदाय के तीनों अणि अखाड़ों निर्वाणी, निर्मोही व दिगंबर का स्नान सुबह 8 बजे से 9.50 बजे तक।
– बड़ा उदासीन- 10.50 बजे अखाड़ा से रवाना, 11.30 बजे रामघाट पर स्नान, 12 बजे वापसी।
– नया उदासीन- सुबह 10.45 बजे बड़नगर रोड छावनी से रवाना होकर 11.30 बजे रामघाट पर स्नान, 12 बजे घाट से वापसी।
– निर्मल अखाड़ा- बड़नगर रोड छावनी से दोपहर 12.05 बजे रवाना होकर 12.30 बजे रामघाट पहुंचेगा तथा स्नान कर दोपहर 1 बजे घाट से रवाना होकर छावनी आएगा।
ये है शाही और पर्व स्नान का शेड्यूल
22अप्रैल2016 (शुक्रवार) – शाही स्नान
3मई2016 (मंगलवार) – व्रतपर्व वरुथिनी, एकादशी व्रत
6मई2016 (शुक्रवार) – स्नान पर्व
9मई2016 (सोमवार) –शाही स्नान
11मई2016 (बुधवार) –शंकराचार्य जयंती
15मई2016 (रविवार) –वृषभ संक्रांति पर्व
17मई2016 (मंगलवार) – मोहिनी एकादशी पर्व
19मई2016 (गुरुवार) –प्रदोष पर्व
20मई2016 (शुक्रवार) – नृसिंह जयंती पर्व
21मई2016 (शनिवार) –शाही स्नान
जगह-जगह रास्ते रोके
शाही स्नान पर ट्रैफिक व्यवस्था के नाम पर पुलिस ने जगह-जगह रास्ते रोक दिए। इसके कारण एक तरफ जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं शहरी लोग भी परेशान हुए।
– श्रद्धालुओं को घाट और पंडालों में जाने के लिए पैदल भी चलना पड़ा। गुरुवार को पहुंचे श्रद्धालु रात में मेला क्षेत्र घूमेंगे तथा स्नान कर शुक्रवार सुबह लौटेंगे।
10 रुपए किराए पर यात्रियों के लिए सिटी बस
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सैटेलाइट टाउन और पार्किंग स्थलों से मेला क्षेत्र व स्नान घाटों पर पहुंचाने के लिए प्रभारी मंत्री भूपेंद्रसिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन, सिंहस्थ केंद्रीय समिति अध्यक्ष माखनसिंह चौहान, महापौर इंदौर मालिनी गौड़ ने 400 सिटी बसों को झंडी दिखा कर रवाना किया। इन बसों में 10 रुपए किराए में श्रद्धालु मेला क्षेत्र में कहीं भी जा सकेंगे।