आगरा

3 महीने बाद मिला ज्वैलरी का बैग

पर्यटन पुलिस ने ऑटो चालक को किया अरेस्ट, पुणे से आया था किन्नरों का ग्रुप
आगरा। आगरा में तीन महीने बाद पर्यटन पुलिस ने पर्यटकों के बैग को ऑटो चालक से बरामद कर लिया। ड्यूटी पर जा रहे सब इंस्पेक्टर को ऑटो चालक पर शक हुआ। पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। ऑटो चालक ने लाखों रुपये की ज्वैलरी और कैश का बैग अपने पास ही रख लिया था। एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने बताया कि तीन महीने पहले पुणे से किन्नरों का एक ग्रुप ताजमहल घूमने आया था। यहां एक ऑटो में उनका बैग छूट गया। बैग में लाखों रुपये की ज्वैलरी और कैश था। ग्रुप के सदस्यों ने मुकदमा दर्ज कराया। तीन महीने से पुलिस बैग को खोज रही थी। उस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया था। ग्रुप ने ऑटो का जो विवरण बताया था, उसके अनुसार सीसीटीवी में ऑटो की पहचान नहीं हो पा रही थी। रविवार को ड्यूटी पर जा रहे सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने शक होने पर ऑटो चालक को पकड़ा। उससे पूछताछ की। उसकी पत्नी से भी पूछताछ की। पत्नी से हुई पूछताछ में खुलासा हुआ।

पुलिस को नहीं सौंपा था बैग
एसीपी ने बताया कि ऑटो चालक ने बैग को पर्यटन पुलिस को नहीं सौंपा। बल्कि उसका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने जब ऑटो चालक की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि एक बैग मिला था। जिसमें ज्वैलरी थी। पति घर लेकर आए थे।

ताजमहल नहीं देख पाए थे
सोमवार को अपना बैग लेने वापस पहुंची शिप्रा ने बताया कि वो बैग खोने के बाद तीन दिन तक आगरा में बैग ढूंढती रहे। लेकिन बैग नहीं मिला। इस गम में वे बिना ताजमहल देखे वापस लौट गए थे। अब बैग मिल गया है। बहुत खुशी मिली है। अब दोबारा आऊंगी और ताजमहल देखूंगी।

Related Articles

Back to top button